Karnal में जमीन विवाद में दर्दनाक वारदात, पोते ने दादा की गोली मारकर की हत्या

Karnal : हरियाणा के करनाल जिले के बड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद के चलते 70 वर्षीय किसान दर्शन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात का आरोप उनके ही पोते पर लगाया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि पटाखे चल रहे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि किसान दर्शन सिंह को गोली मारी गई है। घटना के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस हत्या का कारण बना।जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी पोते को संपत्ति के हिस्से को लेकर नाराजगी थी। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और वारदात को अंजाम दिया गया।
डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में आरोपी को घटनास्थल के आसपास देखा गया है, जिससे जांच को दिशा मिली है।मृतक की बेटी ने बताया कि उनके पिता ने मेहनत से संपत्ति बनाई थी, जिसमें दुकानें, मकान और कृषि भूमि शामिल है। उन्होंने कहा कि परिवार को इस तरह की घटना की उम्मीद नहीं थी।
ग्रामीणों ने बताया कि दर्शन सिंह शांत स्वभाव के मेहनती किसान थे और गांव में उनकी अच्छी छवि थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने गोलियों के खाली खोखे बरामद किए हैं और फॉरेंसिक जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।





