गुजरात

सूरत में भारी बारिश का रेड अलर्ट, एसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

Gulabi Jagat
30 July 2026 6:55 PM IST
सूरत में भारी बारिश का रेड अलर्ट, एसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
x

Surat। गुजरात के सूरत समेत दक्षिण गुजरात में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई से 1 अगस्त तक सूरत सहित दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। संभावित बारिश की स्थिति को देखते हुए सूरत में 31 जुलाई को रेड अलर्ट और 1 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सूरत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सूरत ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने जिले के नागरिकों के लिए विशेष वीडियो संदेश जारी कर सावधानी बरतने की अपील की है।

एसपी राजेश गढ़िया ने कहा कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सभी नागरिकों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिला प्रशासन की ओर से जारी की जाने वाली सभी गाइडलाइन और निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से पहले से ही जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। किसी भी नागरिक को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जिला कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जहां जरूरत पड़ने पर लोग संपर्क कर सकते हैं।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान बिना जरूरी काम के घरों से बाहर निकलने से बचें। खासकर नदी, कोजवे और खाड़ी जैसे जलभराव वाले या जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा है। जिन क्षेत्रों में अक्सर पानी भरने की समस्या आती है, वहां के लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों या प्रशासन द्वारा बनाए गए आश्रय स्थलों में पहुंचने की सलाह दी गई है।

बारिश के दौरान पशुपालकों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। पशुओं को बिजली के खंभों, तारों या अन्य खतरनाक स्थानों से बांधकर नहीं रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि पशुओं को खुले और सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, ताकि वे खतरे की स्थिति में खुद सुरक्षित जगह पर जा सकें। जरूरत पड़ने पर स्थानीय मामलतदार और पुलिस इंस्पेक्टर की मदद से लोगों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

एसपी राजेश गढ़िया ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान दक्षिण गुजरात में भारी बारिश की स्थिति बनती रहती है। ऐसे में प्रशासन ने पहले से तैयारी कर किसी भी आपदा की स्थिति में तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू करने की योजना बनाई है। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Next Story