गुजरात

Ahmedabad में बारिश ने खोली विकास के दावों की पोल, थलतेज मेट्रो स्टेशन के पास सड़क धंसी

Gulabi Jagat
9 July 2026 9:00 PM IST
Ahmedabad में बारिश ने खोली विकास के दावों की पोल, थलतेज मेट्रो स्टेशन के पास सड़क धंसी
x

Ahmedabad अहमदाबाद | गुजरात के अहमदाबाद में मानसून की पहली तेज बारिश ने शहर की सड़कों की हालत और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विकास और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े दावों के बीच अब शहर के कई इलाकों में बारिश के बाद बदहाल सड़कें सामने आने लगी हैं। ऐसा ही एक मामला थलतेज इलाके से सामने आया है, जहां थलतेज मेट्रो स्टेशन के सामने मुक्ति मंगल सोसाइटी के बाहर की सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है।

थलतेज चौराहे से न्यूयॉर्क टावर तक जाने वाली सड़क बारिश के पानी से डूब गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई हिस्सों में सड़क धंसने की स्थिति दिखाई दे रही है। इस वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्कूल बसों और बच्चों की सुरक्षा पर चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह सड़क बेहद व्यस्त मार्ग है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। खासतौर पर स्कूल वैन, स्कूल बसें और छोटे बच्चे भी इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों और धंसे हुए हिस्सों के कारण कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय निवासी रमनलाल ने बताया कि थलतेज मेट्रो स्टेशन के सामने मुक्ति मंगल सोसाइटी के पास करीब दो किलोमीटर तक सड़क खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पहली बारिश के बाद से ही सड़क की हालत बिगड़ने लगी थी, लेकिन पिछले चार दिनों में स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है।

उन्होंने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, कई जगह नालियों जैसी स्थिति हो गई है और कुछ हिस्सों में सड़क अंदर तक धंस गई है। भारी वाहनों और स्कूल बसों के गुजरने के कारण खतरा और बढ़ गया है।

वाहन चालकों को हो रही परेशानी

सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ड्राइवर प्रकाशभाई ने बताया कि थलतेज मेट्रो स्टेशन के सामने वाली सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और कई हिस्से टूट चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पहले से ही ट्रैफिक का दबाव रहता है। अब सड़क खराब होने के कारण वाहन धीरे-धीरे निकलते हैं, जिससे जाम की स्थिति भी बन जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर किसी वाहन का पहिया गड्ढे में फंस गया तो वाहन पलटने जैसी घटना भी हो सकती है।

बारिश में बढ़ जाती है समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान इस इलाके में जलभराव की समस्या हर साल देखने को मिलती है। बारिश के समय सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शहर में विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश आते ही जमीनी हकीकत सामने आ जाती है।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

नागरिकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी करना खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है।

लोगों ने मांग की है कि सड़क के गड्ढों को भरने के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि आने वाले दिनों में बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

अहमदाबाद जैसे बड़े शहर में जहां लगातार नए विकास प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है, वहीं बारिश के बाद सड़कों की यह स्थिति प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि स्थानीय प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्दी कदम उठाता है।

Next Story