Amreli Coast पर बड़ी कार्रवाई, 22 लाख की विदेशी शराब जब्त

Gujarat : Gujarat के अमरेली जिले में राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (SMC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाफराबाद तटीय क्षेत्र से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार, दमन से नावों के जरिए शराब गुजरात के तट तक लाई जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान कुल 6,859 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22.75 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा मौके से 6 वाहन भी जब्त किए गए। शराब और वाहनों समेत कुल जब्ती का मूल्य करीब 33.89 लाख रुपये आंका गया है।
छापेमारी में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11 आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरे मामले में Jafrabad Marine Police Station में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जाफराबाद तट से करीब 90 समुद्री मील दूर समुद्री रास्ते से शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस का मानना है कि गुजरात में शराबबंदी के बावजूद समुद्री मार्ग का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर शराब पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।
SMC के पीआई आर.के. करमता ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार लोगों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।





