गुजरात

अहमदाबाद बारिश का कहर, इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स में दुकानों का करोड़ों का नुकसान

Gulabi Jagat
25 July 2026 10:28 PM IST
अहमदाबाद बारिश का कहर, इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स में दुकानों का करोड़ों का नुकसान
x

Ahmedabad: अहमदाबाद में भारी बारिश के बाद तबाही के निशान अब भी कई इलाकों में नजर आ रहे हैं। शहर के गुरुकुल इलाके में स्थित इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स में बारिश का पानी भरने से दर्जनों दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। करीब आठ फीट तक पानी भर जाने के कारण व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। बारिश थमने के तीन दिन बाद भी व्यापारी अपनी दुकानों से कीचड़, गंदगी और खराब सामान हटाने में जुटे हुए हैं। पानी उतरने के बाद दुकानों के अंदर सामान के ढेर, बदबू और कीचड़ का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती दुकान को दोबारा शुरू करना और आर्थिक नुकसान से उबरना है।

भारी बारिश के कारण इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स की रेडीमेड कपड़े, स्टेशनरी, किराना और खाने-पीने की कई दुकानें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। अचानक पानी भरने के कारण व्यापारियों को सामान सुरक्षित निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया।

व्यापारी कौशलभाई ने बताया कि कुछ घंटों की बारिश ने वर्षों की मेहनत को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि दुकान का ज्यादातर सामान पानी में भीगकर खराब हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।एक अन्य व्यापारी रक्षित शाह ने कहा कि पानी इतनी तेजी से दुकान में घुसा कि सामान बचाने का समय ही नहीं मिला। उन्होंने बताया कि फिलहाल दुकान की सफाई और मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन सबसे बड़ी चिंता आर्थिक नुकसान की भरपाई को लेकर है।

व्यापारी प्रकाश गोहिल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के सामने इंसान पूरी तरह मजबूर हो जाता है। उन्होंने सरकार से नुकसान का आकलन कर प्रभावित व्यापारियों को उचित सहायता देने की मांग की।अहमदाबाद समेत गुजरात के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हुई भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। हालांकि अब बारिश का दौर कम हो गया है, लेकिन इसके असर अभी भी कई इलाकों में दिखाई दे रहे हैं।

गुरुकुल का इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स बारिश से हुई तबाही का बड़ा उदाहरण बन गया है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानें दोबारा शुरू करने में समय लगेगा और सरकार से राहत की उम्मीद है।

Next Story