गुजरात

राजकोट आग हादसे में बढ़ रही मरने वालों की संख्या, 35 मौत

Apurva Srivastav
26 May 2024 2:52 AM GMT
राजकोट आग हादसे में बढ़ रही मरने वालों की संख्या, 35 मौत
x
गुजरात : के राजकोट स्थित टीआरपी गेमिंग जोन में शनिवार को भीषण आग लगने से 12 बच्चों समेत कम-से-कम 35 लोगों की मौत हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। दोपहर बाद लगभग चार बजे गेमिंग जोन में बड़ी संख्या में लोग एकत्र थे। गर्मी की छुट्टी और शनिवार का दिन होने के कारण बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
आइएएनएस ने 35 लोगों के मरने की पुष्टि कर दी
इस बीच फाइबर से बना गेमिंग जोन देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। आग में पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया। आग की तीव्रता इतनी भीषण थी कि काफी दूर से धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा था। गेमिंग जोन के मालिक प्रकाश जैन और युवराज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन लाया गया है।राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए एसआइटी का गठन कर दिया है।
प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। सहायक पुलिस आयुक्त राधिका भराई ने कहा कि अभी तक हमने 27 लोगों की मौत की पुष्टि की है। कुछ शव इतने जले हुए हैं कि उन्हें पहचाना नहीं जा सका है। देर रात समाचार एजेंसी आइएएनएस ने 35 लोगों के मरने की पुष्टि कर दी।
अचानक शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार होने के कारण यहां काफी भीड़ थी। जहां यह गेमिंग जोन स्थित है, वहां के ऊपरी भाग में काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फायर ब्रिगेड अहमदाबाद के अधिकारी राजेश भट्ट ने कहा कि जांच के बाद ही इस घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटिया बिजली के वायर का इस्तेमाल या फिर बढ़ा बिजली का लोड भी इस घटना का कारण हो सकता है।
मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख का मुआवजा
गुजरात सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये मदद की घोषणा की है। पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने बताया कि अभिभावकों से उनके बच्चों एवं संबंधियों की जानकारी ली जा रही है, जिससे लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। 15 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उनका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही राजकोट के सभी गेमिंग जोन बंद करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर के सभी गेमिंग जोन की सुरक्षा जांच के बाद ही संचालन की मंजूरी दी जाएगी।
राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में मुर्मु ने कहा कि राजकोट के एक गेमिंग जोन में लोगों की मौत के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजकोट में आग लगने की घटना से बेहद व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है। मोदी ने राहत और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी लेने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से भी बात की।
आग लगने की घटना से बहुत दुखी हूं- अमित
अमित शाह ने कहा कि राजकोट में आग लगने की घटना से बहुत दुखी हूं। कांग्रेस ने अग्निकांड पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना में गुजरात की भाजपा सरकार को जल्द से जल्द जवाबदेही तय करनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पीड़िता की मदद करें।
Next Story