गुजरात की शिक्षा व्यवस्था पर Congress का हमला, 12वीं और कॉलेज स्तर पर गिरावट के दावे

Gujarat : Gujarat की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए राज्य में शिक्षा के स्तर पर गंभीर सवाल उठाए हैं। Indian National Congress के प्रवक्ता पार्थिवराज कथवाडिया ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार राज्य में शिक्षा से जुड़ी स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि करीब 49 प्रतिशत छात्र 12वीं कक्षा तक अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते, जबकि लगभग 52 प्रतिशत छात्र उच्च माध्यमिक शिक्षा में प्रवेश ही नहीं लेते।
कांग्रेस के अनुसार, उच्च माध्यमिक स्तर पर प्रवेश लेने वाले छात्रों में से भी केवल लगभग 47.3 प्रतिशत ही नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखते हैं। वहीं, कॉलेज स्तर पर पहुंचने वाले छात्रों की संख्या और भी कम बताई गई है, जहां करीब 26.2 प्रतिशत छात्र ही औपचारिक उच्च शिक्षा तक पहुंच पाते हैं। रिपोर्ट के हवाले से यह भी दावा किया गया कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर भी नामांकन और सीखने के परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर हैं, जिससे भाषा और गणित जैसे विषयों में छात्रों के पिछड़ने की बात सामने आती है।
कांग्रेस ने कहा कि ये आंकड़े राज्य में शिक्षा प्रणाली की वास्तविक स्थिति को दर्शाते हैं, जबकि सरकार का दावा इससे अलग है।





