औरंगा नदी उफान पर, Valsad में रेड अलर्ट, 300 लोगों का रेस्क्यू

Valsad, वलसाड। गुजरात के वलसाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रशासन ने पूरे जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को जिला कलेक्टर नितिन सांगवान ने शहर के निचले और संवेदनशील इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लगातार बारिश के कारण औरंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कश्मीरा कस्बे और नदी किनारे बसे कश्मीर नगर समेत कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया।
प्रशासन ने कश्मीर नगर और आसपास के इलाकों से करीब 250 से 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। विस्थापित परिवारों को रामलल्ला हॉल में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया गया है। वलसाड नगरपालिका की ओर से राहत शिविर में रहने वाले लोगों के लिए भोजन, पीने का पानी, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अधिकारी लगातार राहत शिविरों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर नितिन सांगवान ने वलसाड नगरपालिका, पुलिस विभाग और एनडीआरएफ की टीमों के साथ बैठक कर बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि बारिश और तेज होती है तो संवेदनशील इलाकों में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया जाए और प्रभावित लोगों तक बिना किसी देरी के सहायता पहुंचाई जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि रेड अलर्ट को देखते हुए एनडीआरएफ, पुलिस, नगरपालिका, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें 24 घंटे तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण और पर्याप्त जनशक्ति भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों, झीलों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने को कहा गया है।
कलेक्टर के दौरे के दौरान प्रांतीय अधिकारी विमल पटेल, मामलतदार विकास वाघेला, वलसाड नगरपालिका के मुख्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जिले में बारिश का दौर अभी जारी है और अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।





