गुजरात

अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: 9 लोगों की मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक विस्फोट, 3 गिरफ्तार

Gulabi Jagat
19 July 2026 8:17 PM IST
अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: 9 लोगों की मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक विस्फोट, 3 गिरफ्तार
x

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में पटाखा कारखाने में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। रामोल क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट की तीव्रता साफ दिखाई दे रही है। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास मौजूद कार्यालयों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री के मालिक मेहुल डोडिया, उनकी मां और सहयोगी सादिक सैयद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग घटना के समय मौके पर मौजूद थे और हादसे में घायल भी हुए थे।

अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह फैक्ट्री बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं होने के कारण इसे पहले ही बंद किया गया था, लेकिन इसके बावजूद यहां अवैध रूप से काम जारी था। पुलिस ने मामले में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद अहमदाबाद नगर निगम (AMC), पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध पटाखा इकाइयों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। रामोल और वस्त्राल इलाकों में खुले मैदानों में अवैध रूप से चल रही दो पटाखा इकाइयों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। प्रशासन ने वहां से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए और उन्हें जब्त कर नष्ट कर दिया।

इसके अलावा नारोल समेत शहर के अन्य इलाकों में भी पुलिस और प्रशासनिक टीमें जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रिंकू भरतभाई चारेल (16), रवीना भरतभाई चारेल (14), शिवानी भरतभाई चारेल (14), रामिलाबेन भरतभाई चारेल (37), वायरल उर्फ नीरव भरतभाई चारेल (6), सविताबेन सुरेशभाई डामोर (38), उषाबेन गोविंदभाई धीमाभाई डामोर (45), मोहम्मद अशरार इरफान अली सैयद (20) और अज़हरुद्दीन रुकनुद्दीन काज़ी (25) के रूप में हुई है।

प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए शहर में चल रही सभी पटाखा इकाइयों की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Next Story