गोवा

पुलिस की एएनसी टीम ने फरार ड्रग तस्कर को पकड़ा

SHIDDHANT
8 Dec 2025 8:43 PM IST
पुलिस की एएनसी टीम ने फरार ड्रग तस्कर को पकड़ा
x
Panaji पणजी। गोवा पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने करीब 11 करोड़ रुपए कीमत के खतरनाक ड्रग्स (एलएसडी) के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम विनीश वाई. के. है। वह मूल रूप से केरल का रहने वाला है और गोवा के बर्देज इलाके के सिओलिम में रहता था। उसके खिलाफ इस साल दर्ज क्राइम नंबर 13/2025 के तहत मामला चल रहा था। इस केस में पुलिस ने 110.70 ग्राम एलएसडी लिक्विड बरामद किया था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 11.07 करोड़ रुपए थी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 7 दिसंबर 2025 को वह बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा तो इमीग्रेशन अधिकारियों ने उसे पहचान लिया और हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही एएनसी पुलिस स्टेशन की एक विशेष टीम तुरंत बेंगलुरु पहुंची। टीम ने कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लिया और आरोपी को गोवा लेकर आई। सोमवार को उसे पणजी कोर्ट में पेश किया गया। न्यायाधीश ने आगे की जांच के लिए आरोपी को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

एएनसी के पुलिस इंस्पेक्टर हेमंत कुमारी और उनकी टीम की यह कार्रवाई सराहनीय रही। टीम ने दूसरे राज्य में जाकर भी आरोपी को 24 घंटे से कम समय में गोवा लाकर कानून के सामने पेश कर दिया। बता दें कि गोवा में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इस बड़ी गिरफ्तारी से नशीले पदार्थों के कारोबारियों को साफ संदेश गया है कि फरार रहकर भी वे कानून की पकड़ से नहीं बच सकते। वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।
Next Story