छत्तीसगढ़

तीर-धनुष और टंगिया से युवक की हत्या की कोशिश, 3 आरोपी अरेस्ट

Nil dhankar
4 March 2026 2:31 PM IST
तीर-धनुष और टंगिया से युवक की हत्या की कोशिश, 3 आरोपी अरेस्ट
x
छग

दंतेवाड़ा। जिले में पुरानी रंजिश के चलते युवक को सल्फी पीने के बहाने जंगल में बुलाकर उस पर टंगिया और तीर-धनुष से हमला किया गया। इस वारदात में शामिल 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सिर पर टंगिया से वार किया और भागते समय तीर मारकर घायल कर दिया था। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे प्रार्थी मोटू अकाली को गांव के घसियाराम मंडावी, रतुराम मंडावी, बेसेराम अलामी और टोटाराम अलामी ने सल्फी पीने के बहाने गुफा जंगल स्थित सल्फी पेड़ के पास बुलाया। वहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान बेसेराम अलामी ने अपने पास रखे टंगिया से मोटू अकाली के सिर पर वार कर दिया।

जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। घायल मोटू किसी तरह मौके से भागने लगा। आरोप है कि पीछे से उस पर तीर चलाया गया, जो उसके बाएं कान में लगा और उसे गंभीर चोट आई। मामले में थाना बारसूर में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। 1 मार्च 2026 को पुलिस टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर लौट रही थी, तभी जंगल क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करते दिखे। घेराबंदी कर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम घसियाराम मंडावी (18), टोटाराम अलामी (25) और रतुराम मंडावी (29) निवासी मंगनार पदनारपारा बताया। तीनों नामजद आरोपी पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही उनका कथन लिया, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर जंगल क्षेत्र पदनार नाला के पास छिपाकर रखे गए टंगिया और तीर-धनुष बरामद किए गए। गवाहों की मौजूदगी में जप्ती की कार्रवाई की गई।

Next Story
null