छत्तीसगढ़

विराट-रोहित के लिए यूथ क्रेजी, टिकटों के लिए रेलम-पेल

Nilmani Pal
25 Nov 2025 11:44 AM IST
विराट-रोहित के लिए यूथ क्रेजी, टिकटों के लिए रेलम-पेल
x

भारत-साउथ अफ्रीका वन डे मैच के लिए टिकट लेने इंडोर स्टेडियम उमड़ी छात्रों की भीड़

टिकट के जुगाड़ में शासकीय अधिकारी-कर्मचारी और नेता आगे, उनके बच्चे भी उनसे आगे निकले। ब्लेक में भी बिकने की संभावना...

रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में खेला जाना है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को लाइव देखने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा।

इंडोर स्टेडियम में पहले फेज में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले फिजिकल टिकट ले सकते हैं। वहीं स्टूडेंट्स के लिए रिजर्व सीटों की बिक्री भी सोमवार से शुरू हुई। सुबह 4 बजे से ही काउंटर के सामने भीड़ जुटने लगी। हालांकि, स्टूडेंट्स टिकट की बिक्री सुबह 10 बजे से शुरू हुई। इस दौरान सामने लाइन में खड़े युवाओं के बीच धक्की-मुक्की हो गई। लड़कियों ने बैरिकेड तोडऩे की भी कोशिश की। इस दौरान लड़कियों की पुलिस वालों से बहस भी हुई। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। सोमवार से फिजिकल टिकट रीडिम कराने ऑफलाइन काउंटर शुरू हुए। 4 काउंटर में व्यवस्था शुरू होने के पहले ही दिन हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स टिकट के लिए लाइन लगाते दिखे।

सुबह 10 बजे से बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित 1500 टिकट सोल्ड-आउट हो गए। जबकि भीड़ को देखते हुए क्रिकेट संघ ने 100 अतिरिक्त टिकट स्टूडेंट्स के लिए जारी किए। इन आरक्षित सीटों की कीमत 800 रुपए रखी गई थी। वहीं अब तक मैच के 10 हजार से अधिक टिकट की बिक्री हो चुकी है।क्रिकेट संघ से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मैच के एक दिन पहले यानी 2 दिसंबर तक दर्शक अपना टिकट रीडिम करा सकते हैं। सुबह 10 से 6 बजे तक टिकट रीडिम होंगे। इसके लिए हड़बड़ाने की जरूरत नहीं है। एक साथ ज्यादा भीड़ बढऩे से हादसे होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनाया गया है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी ना हो।

Next Story
null