छत्तीसगढ़

मंदिर परिसर में करंट से युवक की मौत, धमतरी की घटना

Nil dhankar
2 Aug 2026 4:38 PM IST
मंदिर परिसर में करंट से युवक की मौत, धमतरी की घटना
x

धमतरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल बगीचा वार्ड में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक सावन सोमवार की तैयारियों के तहत शिव मंदिर परिसर की साफ-सफाई में सहयोग कर रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, लाल बगीचा निवासी घनश्याम सेन (20) सुबह मंदिर परिसर के पास स्थित पेड़ की डालियां काटने के लिए ऊपर चढ़ा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जोखिम भरे कार्य के लिए प्रशिक्षित व्यक्ति या मजदूर की व्यवस्था किए बिना युवक से पेड़ की कटाई कराई गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बताया जाता है कि घनश्याम स्थानीय स्तर पर सैलून का संचालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और जिम्मेदारी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story