छत्तीसगढ़
लाठी डंडों से युवक की पिटाई इलाज के दौरान मौत, चार गिरफ्तार
Shantanu Roy
14 Sept 2026 6:17 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बताए जा रहे लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सकरी निवासी एक महिला ने 11 सितंबर को थाने पहुंचकर अपने 19 वर्षीय बेटे शेख इस्माइल के साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। उसी रात करीब एक बजे परिवार को जानकारी मिली कि ग्राम लोखंडी के कुछ युवकों ने शेख इस्माइल के साथ मारपीट की है। आरोप है कि युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और इसके बाद लाठी-डंडों तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
हमले में शेख इस्माइल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 की मदद से घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। मामले में शिकायत मिलने के बाद सकरी पुलिस ने शुरुआत में मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। युवक की हालत में सुधार नहीं होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान 12 सितंबर 2026 को शेख इस्माइल की मौत हो गई।
युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित बीएनएस की धाराएं जोड़कर जांच का दायरा बढ़ाया। पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्धों की तलाश शुरू की और 13 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम लोखंडी निवासी अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), दिलीप कुमार निर्मलकर (32), गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22) और इमली चौक बिरतियापारा निवासी प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल बताए जा रहे लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं। इसके बाद चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। युवक और आरोपियों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटना के समय कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे, इससे संबंधित तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
Next Story





