छत्तीसगढ़
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर ब्लेड से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Sept 2026 5:17 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में त्योहारी सीजन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खरसिया शहर में युवक से मारपीट और ब्लेड से हमला करने के मामले में चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामला 1 सितंबर 2026 की रात का है। भेलवाडीह निवासी डुलीचंद गुप्ता (32) ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह रात करीब 7:30 बजे गाड़ी स्टैंड से छोटा हाथी वाहन में अपने किराये के मकान की ओर जा रहा था। रास्ते में पंचमुखी मंदिर के पास कुमार पटेल की किराना दुकान पर वह गुटखा लेने के लिए रुका था।
शराब के लिए मांगे पैसे
इसी दौरान ग्राम भेलवाडीह के रहने वाले हरिराम पटैल, योगेश पटैल और शंकर लाल पटैल उर्फ पीला वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने डुलीचंद से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब डुलीचंद ने पैसे नहीं होने की बात कही तो तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उसका गला भी दबाया। मारपीट के दौरान हरिराम पटैल ने कथित तौर पर अपनी जेब से ब्लेड निकाला और डुलीचंद की पीठ पर वार कर दिया। ब्लेड के वार से डुलीचंद की पीठ पर चोट आई और खून निकलने लगा। मारपीट में उसकी आंखों के आसपास भी चोट आई। पीड़ित ने गले में दर्द होने की भी शिकायत की।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चौकी खरसिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 461/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के निर्देशन में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी और छापेमारी की।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान हरिराम पटैल ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ब्लेड भी बरामद किया गया। विवेचना के दौरान योगेश पटैल और शंकर लाल पटैल उर्फ पीला की भी घटना में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देकर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में हरिराम पटैल (23 वर्ष), योगेश पटैल (26 वर्ष) और शंकर लाल पटैल उर्फ पीला (60 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों ग्राम भेलवाडीह, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ब्लेड जब्त किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के निर्देशन में कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव, आरक्षक धनंजय कश्यप और आरक्षक कीर्ति सिदार ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मारपीट, उपद्रव और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Next Story





