छत्तीसगढ़

कचना शराब भट्ठी के पास अवैध रूप से शराब पिलाते युवक गिरफ्तार

Shantanu Roy
24 May 2026 9:39 PM IST
कचना शराब भट्ठी के पास अवैध रूप से शराब पिलाते युवक गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपी को कचना शराब भट्ठी के पास से पकड़ा गया, जहां वह अपने पान ठेले में शराब पीने वालों को चखना, पानी पाउच और डिस्पोजल गिलास उपलब्ध करा रहा था। पुलिस के अनुसार, डायल 112 स्टाफ को सूचना मिली थी कि कचना शराब भट्ठी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से लोगों को शराब पीने की सुविधा दे रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बालाराम पैकरा पिता रामनाथ पैकरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी मोवा थाना के पास, थाना मोवा पंडरी, जिला रायपुर बताया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी शराब गोल्डन गोवा की 180 एमएल वाली शीशी में करीब 20 एमएल शराब, एक डिस्पोजल गिलास जिसमें शराब की गंध आ रही थी, एक छोटा पानी बोतल और अन्य सामान बरामद किया। मौके पर मौजूद गवाहों प्रकाश साहू और देवकरण सेन के समक्ष जब्ती कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने पान ठेले में चना, मिक्चर, चखना और पानी बेचकर लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध करा रहा था, जो आबकारी नियमों का उल्लंघन है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अपराध जमानती होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों
का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और शराब पीने की सुविधा देने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे स्थानों की जांच की जा रही है, जहां सार्वजनिक रूप से शराब सेवन कराया जाता है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
Next Story