छत्तीसगढ़

दिवाली में 19 इंच तलवार लेकर घूम रहा था युवक, गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 Nov 2026 6:00 PM IST
दिवाली में 19 इंच तलवार लेकर घूम रहा था युवक, गिरफ्तार
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दीपावली पर्व के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनी के शीतलापारा का है। यहां शीतला मंदिर के पास एक व्यक्ति कथित तौर पर 19 इंच लंबा तलवारनुमा धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से
धारदार हथियार
भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को डोंगरगांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक सागर सिंह राजपूत पुलिस स्टाफ के साथ दीपावली पर्व को देखते हुए पेट्रोलिंग पर निकले थे। उनके साथ प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और महिला आरक्षक राजकुमारी रत्नाकर भी मौजूद थीं। पुलिस टीम अधिग्रहित वाहन से ग्राम सुखरी और अर्जुनी की ओर गश्त कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर शीतला मंदिर के पास पहुंची पुलिस
पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम सुखरी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अर्जुनी के शीतलापारा स्थित शीतला मंदिर के पास विरेन्द्र कुमार देवांगन नाम का व्यक्ति हाथ में धारदार तलवारनुमा चाकू लेकर उसे लहरा रहा है। वह वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक सागर सिंह राजपूत ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए ग्राम अर्जुनी निवासी रामचंद अडकने (60 वर्ष) और खिलेन्द्र कुमार रंगारी (30 वर्ष) को गवाह बनाया। दोनों को नोटिस देकर मुखबिर से मिली सूचना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम ने शीतला मंदिर के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति धारदार हथियार लहराते हुए मिला। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम विरेन्द्र कुमार देवांगन, पिता बीसेलाल देवांगन, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 10 शीतलापारा, ग्राम अर्जुनी बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जो तलवारनुमा था। पुलिस ने हथियार की माप की तो उसकी कुल लंबाई 19 इंच पाई गई। इसमें धारदार फल की लंबाई 14 इंच, मूठ की लंबाई 5 इंच और फल की चौड़ाई 1.7 इंच बताई गई है।

वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर हथियार जब्त
पुलिस ने आरोपी को धारदार हथियार रखने के संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस दिया और वैध अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलवारनुमा चाकू जब्त कर लिया।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत
अपराध पाए
जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। मौके पर देहाती नालसी तैयार कर आरोपी और जब्त हथियार को लेकर पुलिस टीम थाने पहुंची। इसके बाद थाने में विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया। दीपावली पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Next Story