छत्तीसगढ़

बस स्टैंड में चाकू लेकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

Shantanu Roy
7 Oct 2026 10:32 PM IST
बस स्टैंड में चाकू लेकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को बस स्टैंड भाठागांव क्षेत्र में एक व्यक्ति के चाकू लेकर घूमने और आने-जाने वाले लोगों को डराने की सूचना मिली थी।
पुलिस उपायुक्त
पश्चिम रोबिनसन गुड़िया के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने तत्काल पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक नागेश्वर साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम बस स्टैंड भाठागांव पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान खुमान दास मानिकपुरी, पिता चुम्मन दास मानिकपुरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी बकतरा रोड ग्राम बिरौद, थाना अभनपुर, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी से चाकू रखने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 946/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक धारदार लोहे का चाकू जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि अपराध पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। खासकर हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वालों पर नजर रखी जा रही है। टिकरापारा पुलिस की टीम ने सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को हथियार सहित पकड़ लिया। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को हथियार लेकर घूमते या लोगों को डराते-धमकाते देखें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Next Story