महिला थाने ने की त्वरित कार्रवाई, छेड़खानी के आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। एसपी दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला थाना की टीम ने छेड़खानी के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील मिश्रा (उम्र 39 वर्ष), निवासी सोनिया नगर, चुना भट्टी के पास, थाना कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना 21 जून की रात का है, जब थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सुनील मिश्रा पिछले दो वर्षों से उसे अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है, और पूर्व में भी उसने रात्रि में घर में घुसने का प्रयास किया था। पीड़िता के अनुसार, समझाने के बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।
घटना वाले दिन शाम करीब 7:00 बजे, सुनील मिश्रा मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया और अशोभनीय बातें करने लगा। जब पीड़िता ने उसे ऐसा करने से मना किया तो घर के अन्य परिजन बीच-बचाव करने आए, जिनको भी आरोपी ने धमकाया और फिर मौके से फरार हो गया।
महिला की रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 14/2025 धारा 78(1)(i), 331(4), 75(1)(iv), 296 BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके पश्चात महिला थाना की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सुनील मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, घटना में प्रयुक्त उसकी मोटरसाइकिल (CG 10 EF 1128) को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तारी एवं विवेचना कार्य में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर, प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही।





