छत्तीसगढ़

झाड़ियों में मिला था महिला का शव, पति गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 Sept 2026 7:32 PM IST
झाड़ियों में मिला था महिला का शव, पति गिरफ्तार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में जूट मिल के पीछे झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि पत्नी को एक परिचित व्यक्ति के साथ देखने के बाद हुए विवाद में पति ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला ग्राम अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक मिल परिसर से जुड़ा है। दो दिन पहले मिल के पीछे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी।

जानकारी मिलते ही गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी, पति सुमित कुमार यादव के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक मिल के सर्वेंट रूम में रह रही थी। पुलिस जांच में घटना 9 सितंबर की रात करीब दो बजे की बताई गई है। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी का पति सुमित कुमार यादव (32) रात में पत्नी को कमरे में नहीं देखकर उसकी तलाश करने निकला था। आरोप है कि तलाश के दौरान उसने पत्नी को परिचित जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। पुलिस के अनुसार इसके बाद सुमित गुस्से में जितेंद्र की ओर बढ़ा, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसी दौरान सुमित और उसकी पत्नी लक्ष्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच झूमाझटकी होने का दावा किया गया है।

आरोप है कि इसी दौरान सुमित ने चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मी की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को वहां से हटाकर जूट मिल के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जांच टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। पूछताछ के दौरान उसके बयानों और घटनाक्रम की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने सुमित से विस्तृत पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना की सिलसिलेवार जानकारी देते हुए हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी सुमित कुमार यादव को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
Next Story