
x
छग
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर महिला के यौन शोषण और ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला को नींद की दवा मिला पानी पिलाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद बिजनेस में नौकरी दिलाने का लालच देकर उससे करीब 6 लाख रुपये भी वसूले गए। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय महिला ने 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का होने के कारण जांच वहां स्थानांतरित की गई। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। आरोपी ने हाथ देखकर भविष्य बताने और झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का दावा किया था।
अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया नशीला पानी
आरोप है कि 8 मार्च को पूजा-पाठ के बहाने महिला को घरघोड़ा स्थित किराये के मकान में बुलाया गया। वहां गायत्री मानिकपुरी भी मौजूद थी। पूजा के दौरान चंद्र कुमार ने अभिमंत्रित जल बताकर महिला को नींद की दवा मिला पानी पिला दिया। इसके बाद महिला बेहोश हो गई और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर ठगी
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर भी पैसे लिए। बाद में वेस्टिज कंपनी में बिजनेस के जरिए काम दिलाने का झांसा देकर करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत करने की बात कहने पर उसे डराया-धमकाया गया। पुलिस ने जांच के बाद चंद्र कुमार जायसवाल (45) और गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39) को 8 नवंबर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
Next Story





