छत्तीसगढ़
100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, तखतपुर में मचा हड़कंप
Shantanu Roy
7 Oct 2026 6:53 PM IST

x
छग
Takhatpur. तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर नगर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल टावर पर महिला अचानक 100 फीट से अधिक ऊंचाई तक चढ़ गई। महिला को इतनी ऊंचाई पर देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, बिजली विभाग और मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर तक मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से में मौजूद रही। नीचे खड़े लोग उसे देखकर चिंतित नजर आए। किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और लोगों को टावर के आसपास जाने से रोका। स्थानीय लोगों ने महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस भी महिला की स्थिति को देखते हुए पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, ताकि उसे किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सतीश साहू के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम भेजी गई है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला की स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग से संपर्क कर संबंधित क्षेत्र की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई है। इसके साथ ही मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और तकनीकी कर्मचारियों की मदद से महिला तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के दौरान पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों से रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा नहीं डालने की अपील की। टावर की ऊंचाई अधिक होने के कारण बचाव दल को बेहद सावधानी से आगे बढ़ना पड़ रहा है। इधर, इस घटना के बाद मोबाइल टावर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि टावर परिसर के चारों ओर सुरक्षा के लिए लगाई गई घेराबंदी कई जगहों से क्षतिग्रस्त है। इसी कारण किसी व्यक्ति के लिए परिसर के भीतर प्रवेश करना आसान हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी हुई घेराबंदी लंबे समय से समस्या बनी हुई है। इससे न केवल लोगों बल्कि जानवरों के भी टावर परिसर में प्रवेश करने का खतरा रहता है। महिला के 100 फीट से अधिक ऊंचाई तक चढ़ जाने की घटना के बाद टावर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस, बिजली विभाग और मोबाइल टावर कंपनी की टीम मौके पर मौजूद है। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
Next Story





