छत्तीसगढ़

सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, तेलीबांधा में सभा को किया संबोधित

Shantanu Roy
7 Oct 2026 6:25 PM IST
सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, तेलीबांधा में सभा को किया संबोधित
x
छग
Raipur. रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर रायपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी के साथ तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव पहुंची। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद वे मई 2014 से प्रधानमंत्री पद पर हैं। इसी क्रम में शासन प्रमुख के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी जिलों में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता शामिल हुए। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा पहुंची, जहां विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की विशेष भागीदारी रही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चौकों को जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक के रूप में विकसित किया जाएगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तेलीबांधा में सेवा ज्योति संकल्प चौक बनाए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, महामंत्री राज गायकवाड़, शंकर साहू और रायपुर ग्रामीण युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पिंटू साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। सेवा ज्योति यात्रा के दौरान विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और जनसेवा से जुड़े संदेश दिए गए। सांसद अग्रवाल ने यात्रा के आयोजन में जुटे भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया।
Next Story