पति को मारने भाई को बुलाया, हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव, दोनों गिरफ्तार

कबीरधाम। जिले के थाना लोहारा क्षेत्र में हुए हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया। घटना में शामिल मृतक की पत्नी व उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला ने विवाद के चलते भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पत्थर, स्कूटी व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर दोनों को जैल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह 7:30 बजे शिकायतकर्ता तुलेश साहू 27 वर्ष निवासी बासिनझोरी ने थाना उपस्थित होकर सूचना दी कि ग्राम के एक व्यक्ति द्वारा फोन पर जानकारी मिली कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित दुकान के पास पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखने पर मृतक के चेहरे, दोनों हाथों की कोहनियों, दोनों पैरों के पंजों से खून बाह रहा था। साथ ही सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान व कमर के नीचे घसीटे जाने के चिन्ह थे। रिपोर्ट पर थाना लोहारा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
पुलिस द्वारा तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही अज्ञात आरोपी की तलाश व साक्ष्य संकलन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर, कपड़े व अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी से पूछताछ की।
नीता साहू (उम्र 35 वर्ष) ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 25 जुलाई को अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से अपने पति के पास ग्राम बासिनझोरी आई थी। रात में पति द्वारा अत्यधिक शराब सेवन करने व लगातार विवाद करने के कारण दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी मृतक ने फिर शराब पी और विवाद करने लगा। इससे तंग आकर नीता साहू ने अपने चचेरे भाई की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महेश साहू मौके पर अचेत होकर गिर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए।





