
जगदलपुर। दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात बुजुर्ग महिला और 18 साल के युवक की जान चली गई। पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर परपा थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी घटना बोधघाट थाना क्षेत्र के नकटी सेमरा के पास हुई है। दोनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए हैं और पुलिस जांच में जुटी है।
परपा पुलिस के मुताबिक, डिमरापाल से आगे मारेंगा चौक आकाशवाणी के पास रात में सूचना मिली कि करीब 50 साल की महिला को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में वाहन के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
महिला के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाज भिजवाया गया है। महिला की पहचान के लिए उसकी फोटो सभी थाना, चौकियों में भेज दी गई है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं दूसरा हादसा नकटी सेमरा के पास हुआ है।
बोधघाट पुलिस के मुताबिक, सेमरा निवासी भावेश चंद्र (18) आड़ावाल स्थित मोबाइल दुकान में काम करता था। रात में काम से लौटते समय नगरनार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।





