छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आज कई जिलों में बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद बीते दो दिनों से मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा, जिससे उमस और गर्मी में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
राज्य में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। हालांकि फिलहाल मौसम साफ रहने से स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून अभी सक्रिय है और आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। प्रशासन भी संभावित बारिश को देखते हुए आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।





