
बस्तर। जिले के गांवों में जल जीवन मिशन का काम ठप पड़ा है। वहीं युवा कांग्रेस ने इस काम को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस का कहना है कि बस्तर के गांवों में पानी की किल्लत है। यदि समय रहते पानी की समस्या दूर नहीं की गई तो आंदोलन करेंगे। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ज्ञापन भी सौंपा है।
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बताया कि ईई हरी सिंह मरकाम को ज्ञापन दिया गया है। जिले के अनेक ग्राम पंचायतों में पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति अत्यंत खराब है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
लेकिन जमीनी स्तर पर यह योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अनेक ग्रामों में हैंडपंप, ट्यूबवेल एवं टंकी महीनों से बंद पड़ी हैं। पाइपलाइन बिछाने के कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं। कई स्थानों पर निम्न गुणवत्ता की सामग्रियों का उपयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। जमकर भ्रष्टाचार किया गया है।





