
कोरबा। मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास के रूप में हुई है, जो सीएसईबी का निवासी था। गौरव श्रीवास पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली के लिए मिले वीडियोग्राफी के ऑर्डर के संबंध में बात करने जा रहा था। पुलिस की सूचना पर उसके दोस्त और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि, गौरव मुड़ापार की तरफ से टीपी नगर जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस को घटनास्थल से एक लॉक मोबाइल फोन मिला। गौरव की मौत के बाद उसके अंगूठे का निशान लेकर फोन अनलॉक किया गया, जिसके बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई।





