
बिलासपुर। जिले के कोटा के मोहार खार में मंत्रालय में पदस्थ सहायक सांख्यिकी अधिकारी के सूने मकान से 15 लाख रुपए से अधिक की चोरी का मामला सामने आया। घर से 12 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी और एक लाख रुपए नकद चोरी हो गई थी। पीड़ित अफसर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और दोपहर तक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना भी स्वीकार कर लिया। जब पीड़ित अफसर को थाने बुलाया गया तब पता चला कि, चोर पीड़ित का करीबी रिश्तेदार है।असमंजस के बीच परिवार ने शपथ पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कराने से इंकार कर दिया।
छत्तीसगढ़ रायपुर मंत्रालय में पदस्थ चंद्रकांत जायसवाल, पिता कृष्णा कुमार जायसवाल का स्थायी निवास कोटा के मोहार खार में है। बीते सात दिन से परिवार के सभी सदस्य रायपुर में थे। शुक्रवार रात लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। खोजबीन करने पर करीब 12 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी और एक लाख रुपए नकद गायब मिले। शनिवार को चंद्रकांत ने इसकी सूचना कोटा पुलिस को दी। थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदेहियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में 20 वर्षीय युवक ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी के सभी जेवर और कुछ नकदी बरामद कर ली गई। इसके बाद जब पीड़ित परिवार थाने पहुंचा तो आरोपी के करीबी रिश्तेदार होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार ने शिकायत वापस लेने का निर्णय लिया। चंद्रकांत के पिता कृष्णा कुमार जायसवाल ने एफआईआर दर्ज नहीं कराने शपथ पत्र सौंपा।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था। देनदारों के लगातार फोन आने से परेशान होकर उसने अपने ही रिश्तेदार के सूने मकान में चोरी की योजना बनाई। चोरी करने के बाद जेवर को अपने घर के सामने रेत में गड्डा खोदकर छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरा सामान बरामद कर लिया।





