छत्तीसगढ़

रायपुर में 108 बदमाशों की तस्दीक, 20 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

Shantanu Roy
11 Aug 2026 9:07 PM IST
रायपुर में 108 बदमाशों की तस्दीक, 20 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
x
छग
Raipur. रायपुर। स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री रोबिनसन गुड़िया (भापुसे) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में पश्चिम क्षेत्र के नौ थाना क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, उभरते अपराधियों और अन्य असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग एवं तस्दीक की गई। अभियान के दौरान कुल 108 लोगों की जांच की गई, जबकि 20 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनका पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या जो संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं। इनमें निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, आदतन अपराधी, उभरते बदमाश, चाकूबाज, शराब कोचिया, अड्डेबाज और अन्य असामाजिक तत्व शामिल हैं।
अभियान के तहत पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में ऐसे लोगों के घरों और संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी तस्दीक की। इसके साथ ही कई निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों को थाने बुलाकर परेड भी कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगामी स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी। साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई।
पुलिस ने बदमाशों को अपराध की राह छोड़कर शांतिपूर्ण जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव करने या आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पश्चिम क्षेत्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पार्कों, चौराहों, सुनसान स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और अड्डेबाजी के संभावित स्थानों पर भी पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने चाकू या अन्य अवैध हथियार लेकर घूमने वालों को भी स्पष्ट चेतावनी दी है। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और शहर में सुरक्षित माहौल बनाए रखना है। थाना-वार कार्रवाई की बात करें तो आजाद चौक थाना क्षेत्र में 10 बदमाशों की चेकिंग और तस्दीक की गई, जिनमें से तीन के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। सरस्वती नगर में 10 लोगों की जांच कर दो के खिलाफ कार्रवाई की गई। कबीर नगर में नौ बदमाशों की तस्दीक की गई।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 15 बदमाशों की चेकिंग की गई और चार के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। डीडी नगर में नौ की जांच के साथ दो पर कार्रवाई हुई। आमानाका थाना क्षेत्र में 10 बदमाशों की तस्दीक की गई और एक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 18 बदमाशों की चेकिंग की गई, जिनमें से दो के खिलाफ कार्रवाई की गई। टिकरापारा थाना क्षेत्र में 21 बदमाशों की जांच की गई और छह के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। वहीं मुजगहन थाना क्षेत्र में छह बदमाशों की चेकिंग और तस्दीक की गई।
इस तरह नौ थाना क्षेत्रों में कुल 108 निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, उभरते बदमाशों और अन्य असामाजिक तत्वों की जांच की गई तथा 20 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान स्वतंत्रता दिवस तक सीमित नहीं रहेगा। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस की निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना संभव है।
Next Story