छत्तीसगढ़

मोबाइल शॉप में तोड़फोड़, बदमाशों ने संचालक को बेल्ट से पीटा

Nilmani Pal
7 Aug 2025 1:48 PM IST
मोबाइल शॉप में तोड़फोड़, बदमाशों ने संचालक को बेल्ट से पीटा
x
छग

बिलासपुर। बदमाशों ने मोबाइल दुकान में घुसकर जमकर आतंक मचाया। पहले उन्होंने दुकान संचालक से गाली-गलौज किया। उसके मना करने पर बदमाशों ने गुंडागर्दी करते हुए बाल पकड़कर खींचा। फिर बेल्ट और लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर दुकान संचालक के साथ मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। घायल युवक की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार रतनपुर के खंडोबा मंदिर के पास रहने वाले मोहम्मद आसिफ नाम का युवक मोबाइल दुकान चलाता है। उसकी दुकान करैहापारा के केरापारा चौक के पास है। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे वो अपने दोस्त राज कश्यप के साथ दुकान पर था।

इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला आदतन बदमाश विक्कू उर्फ विकास रावत, राजा कश्यप, बंधन और नमन बिसेन वहां पर अपने दोस्तों को लेकर दुकान पहुंचा। इस दौरान बदमाशों ने दुकान में घुसकर बिना वजह आसिफ और उसके दोस्त को गाली देने लगे। मना करने पर बदमाशों ने दुकान संचालक आसिफ और उसके दोस्त को पकड़ लिया, जिसके बाद बाल पकड़कर खींचने लगे। इस दौरान हमलावरों ने बेल्ट और लात-घूंसों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। इस हमले में आसिफ और उसका दोस्त घायल हो गए।

हमलावरों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। जिससे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे, कूलर और काउंटर क्षतिग्रस्त हो गए। मारपीट से दुकान संचालक और उसके दोस्त को चोटें आई है। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद हमलावर युवक वहां से भाग निकले। इस मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


Next Story
null