छत्तीसगढ़

चंगाई सभा पर बवाल, 25 लोगों की मौजूदगी का दावा, हिंदू जागरण मंच ने किया प्रदर्शन

Shantanu Roy
29 Nov 2026 2:58 PM IST
चंगाई सभा पर बवाल, 25 लोगों की मौजूदगी का दावा, हिंदू जागरण मंच ने किया प्रदर्शन
x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में चंगाई सभा को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शहर के टिकरापारा इलाके में एक आवासीय मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के विरोध में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। संगठन ने सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने और लोगों को बहला-फुसलाकर बुलाने का आरोप लगाया है। विरोध के दौरान इलाके में नारेबाजी होने लगी और तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। मामले में पुलिस ने संबंधित मकान मालिक आलोक मजूमदार को नोटिस जारी किया है।

आवासीय मकान में हो रही थी प्रार्थना सभा
मामला धमतरी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरापारा इलाके का है। हिंदू जागरण मंच के अनुसार, यहां एक आवासीय मकान में चंगाई एवं प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें करीब 25 लोग शामिल हुए थे। संगठन का दावा है कि सभा में शामिल सभी लोग हिंदू समुदाय से थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और सभा का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी और नारेबाजी होने लगी। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया।

धर्मांतरण कराने का लगाया आरोप
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आवासीय मकान में आयोजित प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संगठन का कहना है कि लोगों को बहला-फुसलाकर सभा में बुलाया जाता है और धार्मिक गतिविधियों के जरिए उन पर प्रभाव डालने का प्रयास किया जाता है। मंच ने सवाल उठाया कि आखिर आवासीय मकान में इस तरह की सभा किस अनुमति और नियम के तहत आयोजित की जा रही थी? संगठन ने प्रशासन से यह भी पूछा कि यदि ऐसी गतिविधियों की जानकारी पहले से थी तो समय रहते जांच और कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

प्रशासन पर भी उठाए सवाल, बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान हिंदू जागरण मंच ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन पहले ही सक्रियता दिखाता तो विवाद की स्थिति पैदा नहीं होती। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में इससे बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने संबंधित गतिविधियों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

मकान मालिक को पुलिस ने जारी किया नोटिस
विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई भी सामने आई है। जिस मकान में प्रार्थना सभा आयोजित होने की बात कही जा रही है, वह आलोक मजूमदार का बताया गया है। पुलिस ने मकान मालिक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी पुलिस की ओर से मकान मालिक को नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में उसका जवाब नहीं मिला था। अब हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दोबारा नोटिस जारी किया है। फिलहाल प्रार्थना सभा को लेकर लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में विस्तृत जांच का निष्कर्ष सामने आना बाकी है। मकान मालिक के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
Next Story