छत्तीसगढ़

चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
23 Aug 2026 12:11 AM IST
चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के तमनार थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में 6 विधि से संघर्षरत बालकों समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल बाइक और चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित दुकान का दरवाजा तोड़कर खाद्य सामग्री और नगदी रकम चोरी की थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

मिलुपारा से चोरी हुई थी बाइक
मामले की शुरुआत 13 अगस्त 2026 को हुई, जब मिलुपारा में किराये के मकान में रहने वाले रतन कुमार धोबी ने थाना तमनार में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह अंबुजा सीमेंट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत है। 12 अगस्त की रात ड्यूटी से लौटने के बाद उसने अपनी सफेद-काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11AU9751 को घर के सामने खड़ा किया था। अगले दिन सुबह जब वह ड्यूटी जाने के लिए बाहर आया तो बाइक वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दुकान का ताला तोड़कर चोरी
इसी दौरान कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित पान ठेला दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान संचालक रामभजन पोर्ते ने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन पड़ोसी ने दुकान का दरवाजा टूटा होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर रखी खाद्य सामग्री और नगदी रकम गायब मिली। चोरों ने दुकान से कुरकुरे, मिक्चर, गांठिया, चटकमटक, टेस्टीनट, फल्लीदाना, पपीतालेस, चॉकलेट, सिगरेट और पान मसाला सहित करीब 9 हजार रुपये का सामान चोरी किया था। इसके अलावा 1 हजार रुपये नगद भी चोरी किए गए थे। चोरी की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।

मुखबिर सूचना से मिली सफलता
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ नाबालिग दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल हैं। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीन विधि से संघर्षरत बालकों ने बताया कि दोनों चोरी की वारदातों में कुल 7 लोग शामिल थे। आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चोरी करने के लिए घूम रहे थे। आरोपियों ने मिलुपारा से बाइक चोरी करने और कुधरीपारा की दुकान से खाद्य सामग्री व नगदी चोरी करना स्वीकार किया।

6 नाबालिग और युवक गिरफ्तार
पुलिस ने तीन नाबालिगों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की। इसके बाद 20 अगस्त को पुलिस ने चोरी में शामिल तीन अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया। मामले में शामिल युवक मुकेश अगरिया पिता मेहत्तर अगरिया उम्र 20 वर्ष निवासी जांजगीर, थाना तमनार लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने 6 नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस और अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी युवक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story