छत्तीसगढ़
सूने मकान में चोरी कर गहने बेचने पहुंचे थे बाजार, महिला समेत दो गिरफ्तार
Shantanu Roy
10 Sept 2026 8:44 PM IST

x
छग
Kanker. कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के सामान को बेचने के लिए चारामा पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपये का सामान बरामद किया। पुलिस ने प्रकरण में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी कांकेर हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में चारामा पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने चारामा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 सितंबर 2026 को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर बरपारा रतेसरा गया था। शाम करीब 7:30 बजे परिवार वापस घर पहुंचा तो सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर जाकर देखने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और नकदी गायब मिले। शिकायत में चोरी गए सामान की कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में चारामा थाने में अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।
गहने बेचने की कोशिश से मिला सुराग
पुलिस टीम आरोपियों और चोरी किए गए सामान की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चारामा क्षेत्र में एक महिला और पुरुष संदिग्ध रूप से सोने-चांदी का सामान बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चारामा पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कैलाश कावड़े, उम्र 30 वर्ष, निवासी करलखा मुरियापारा, नारायणपुर और जगिता सलाम, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुरिष्ठिकुर थाना कोरर, वर्तमान निवासी ग्राम दरगहन चारामा के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने ग्राम रतेसरा स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी का सामान बेचने के उद्देश्य से चारामा आने की जानकारी भी दी।
5 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। इसमें एक चांदी का करधन, एक जोड़ी चांदी की पायजेब, सोने का एक गुलबंद हार, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की ईयर रिंग और एक जोड़ी सोने की कान की चेन शामिल है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 3,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद कुल सामान की वर्तमान अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई में प्रकरण से संबंधित चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उपनिरीक्षक सोनराज सूर्यवंशी, सहायक उपनिरीक्षक सागर निषाद, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति मिश्रा, आरक्षक मुनाफ यादव, आरक्षक हिरामन यादव और महिला आरक्षक रामिन दर्रो की भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल देने की अपील की है। इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Next Story





