भारत

2 किसानों की मौत, खेत में ट्रैक्टर पलटने से हुई घटना

Nil dhankar
11 July 2026 7:03 AM IST
2 किसानों की मौत, खेत में ट्रैक्टर पलटने से हुई घटना
x
बड़ा हादसा

यूपी। बागपत जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो किसानों की मौत हो गई। खेत में काम कर रहे किसान का ट्रैक्टर मिट्टी में धंस गया, जिसे निकालने के प्रयास में दो ट्रैक्टर पलट गए और इनके नीचे दबने से दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को दोनों किसानों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो किसानों की मौत से गांव में शोक व्याप्त है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।

ये घटना कोतवाली क्षेत्र के अहैड़ा गांव का है। जहां गुरुवार शाम किसान राजन खेत में काम कर रहा था तभी उसका ट्रैक्टर मिट्टी में धंस गया। काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर नहीं निकला तो उन्होंने साथी अजयपाल को ट्रैक्टर के साथ बुला लिया। अजयपाल का भी ट्रैक्टर खेत में धंस गया, जिसके बाद राजन ने छोटे भाई प्रवीण को ट्रैक्टर लेकर बुलाया। प्रवीण ने रस्सा बांधकर ट्रैक्टर खींचने का प्रयास किया तो उसका ट्रैक्टर भी धंस गया।

प्रवीण अपने दोस्त सचिन का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचा, लेकिन उसका ट्रैक्टर भी मिट्टी में धंस गया। इसके बाद सचिन अपने चाचा सुखबीर का ट्रैक्टर लेकर आया और दोनों फंसे ट्रैक्टरों को रस्सी से बांधकर बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। काफी मशक्कत के बाद अजयपाल और प्रवीण के ट्रैक्टर चकरोड तक आ गए, लेकिन तभी अजयपाल का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके तुरंत बाद प्रवीण का ट्रैक्टर भी पलट गया। हादसे में दोनों ट्रैक्टरों के नीचे दबने से अजयपाल और प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद अजयपाल को बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, नीचे दबने और कंटीले तारों से गंभीर रूप से घायल होने के कारण प्रवीण की भी मौत हो गई। लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसे भी नीचे से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शुक्रवार सुबह दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रवीण को उसके पिता राजबीर और भाई राजन ने सुबह ट्रैक्टर निकालने की बात कहकर घर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह जिद पर अड़ा गया। अजयपाल और प्रवीण नहीं माने, जिसके चलते देर रात हादसा हो गया। ग्रामीण पवन ने बताया शाम करीब सात बजे राजन का ट्रैक्टर खेत में धंसने पर उसे निकालने का प्रयास शुरू किया गया। एक के बाद एक चार ट्रैक्टर मंगवाए गए। करीब चार घंटे तक जद्दोजहद चलती रही। इसी बीच दो ट्रैक्टर पलट गए, जिनके नीचे दबने से अजयपाल और प्रवीण की जान चली गई।

Next Story