
बीजापुर। जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)के दो जवान घायल हो गए हैं। रविवार को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), एसटीएफ और सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को फरसेगढ़-पिल्लूर कांडलापरती क्षेत्र में अभियान के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट की चपेट में आने से कोबरा बटालियन के दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिल्लूर कांडलापरती क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), एसटीएफ और सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के जवानों की सर्चिंग के रवाना किया गया था। इसी दौरान नक्सलियों की ओर से लगाया गया आईईडी अचानक ब्लास्ट हो गया।
घटना में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दो जवान चपेट में आ गए। दोनों जवानों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल जवानों को वहां से निकाला गया और बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जवान खतरे से बाहर हैं तथा उनकी स्थिति स्थिर है।





