छत्तीसगढ़

चाचा का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनाया, जमीन हड़पने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

Nil dhankar
27 Aug 2025 12:06 PM IST
चाचा का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनाया, जमीन हड़पने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार
x
छग

कोरबा। जमीन हड़पने की साजिश रचने वाले दो भाइयों को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों ने अपने चाचा के नाम की जमीन अपने नाम कराने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया था। वार्ड क्रमांक 05 सक्ती निवासी आरोपियों की चचेरी बहन 63 वर्षीय कचरा बाई देवांगन ने सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया था। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 34, 201 और 120 (बी) के तहत केस दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी द्वारिका उर्फ कुंदन देवांगन और उसके भाई सीताराम देवांगन ने अपने चाचा देवान देवांगन की मौत का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाया। दरअसल, देवान देवांगन का निधन वर्ष 2000 में हो चुका था और उनके कोई वारिस नहीं थे। दोनों भाइयों ने नजूल शीट नंबर 16 के प्लॉट नंबर 26 (रकबा 2422 वर्गफुट) पर कब्जा करने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने एसडीएम कार्यालय में नामांतरण के लिए आवेदन भी दे दिया। वर्ष 2021 में कचरा बाई और उसके बेटे राकेश को पता चला कि दोनों आरोपी जमीन का नामांतरण अपने नाम करा रहे हैं। इस पर कचरा बाई ने आपत्ति दर्ज कराई और मामला अदालत में पहुंच गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फर्जी प्रमाण पत्र की मूल प्रति लगभग चार माह पहले फाड़कर जला दी थी।

जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 62 वर्षीय द्वारिका उर्फ कुंदन देवांगन और उसके 50 वर्षीय भाई सीताराम देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


Next Story
null