
सूरजपुर। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सिंघरा में जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी आबादी के करीब पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसी दौरान हाथी का वीडियो बनाने पहुंचे कुछ युवकों पर गुस्साए हाथी ने दौड़ लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग चप्पल-जूते तक छोड़कर भागे। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दंतैल हाथी के गांव के समीप पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोग हाथी को करीब से देखने और उसका वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग अपने चप्पल और जूते भी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
हाथी के आबादी क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, हाथी मित्र दल और स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे। वन अमले ने तत्काल गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया और रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने तथा हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। फिलहाल, वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।





