कांग्रेस छोड़ देनी चाहिए टीएस सिंहदेव को, अजय चंद्राकर का बयान - और कितने दिन अपमान सहेंगे बाबा साहब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासत जारी है. राजनीतिक बयानबाजी के दौर के बीच अब भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बड़ा बयान सामने आया है. चंद्राकर ने दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की नसीहत दी है.
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के “मैं टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता” वाले बयान को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कांग्रेस का एक मिशन बन गया था, कि बाबा साहब को अपमानित करो. बाबा साहब को सलाह दूंगा कि कांग्रेस छोड़ दें. अपमान की एक पराकाष्ठा होती हैं. बाबा साहब एक गौरवशाली वंश से आते हैं. अब बाबा साहब को फैसला करना है कि कांग्रेस में अपमानित होना है या राष्ट्र के विकास के साथ अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाना है.
छत्तीसगढ़ के झीरम घाटी नक्सली हमले को आज 13 साल पूरे होने पर अजय चंद्राकर का बयान सामने आया. चंद्राकर कहा कि जिस दिन भूपेश बघेल अपने जेब में रखे सबूत को सार्वजनिक करेंगे. कवासी लखमा को सामने रख पूरे प्रदेश की जनता को घटनाक्रम बतायेंगे. नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कवासी लखमा को हॉस्पिटल में क्या कहा था ? जिस दिन ये सारी बातें सामने आएगी, सारी परते ख़ुद-ब-खुद खुलती जाएगी. आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल सहानुभूति के लिए अपना राजनीतिक ऑक्सीजन बना रखा हैं. भाजपा ने इस मामलें में हर स्तर की कार्रवाई की है.





