
बलौदाबाजार। गिधौरी थाना क्षेत्र में तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच दो भारी ट्रकों की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे ग्राम नवापारा धमलपुर के पास कसडोल-गिधौरी मार्ग पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सडक़ पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना प्रभारी संदीप बंजारे के नेतृत्व में गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लगातार बारिश और अंधेरे के बावजूद पुलिस जवानों ने क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारण दोनों ट्रक सडक़ के बीच फंस जाने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुबह तक यातायात पूरी तरह बहाल कराया।





