छत्तीसगढ़

बीजेपी दफ्तर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुआ पौधारोपण

Nil dhankar
22 July 2026 1:00 PM IST
बीजेपी दफ्तर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुआ पौधारोपण
x

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत आज राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ मिलकर पौधारोपण किया और समाज को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का प्रेरक संदेश दिया।

पौधारोपण के पश्चात बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि पौधे न केवल हमारी धरा को हरा-भरा रखते हैं, बल्कि जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान कर भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य और खुशहाली को भी सुनिश्चित करते हैं। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान मात्र एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारी जननी माँ के प्रति अपार श्रद्धा, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति हमारे अटूट समर्पण का सुंदर माध्यम है।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे बल देते हुए कहा कि हर पौधा प्रकृति के प्रति हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत प्रतीक है। हमें केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि एक संतान की तरह उसकी निरंतर देखरेख और संरक्षण का संकल्प भी लेना होगा। यदि हर नागरिक अपनी माँ की स्मृति या उनके सम्मान में एक पौधा रोपकर उसका जतन करे, तो हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण उपहार स्वरूप दे सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की व्यापक उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता साथी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने भी इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Next Story