
रायपुर। भूस्खलन के चलते कई ट्रेनें रद्द की गई है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने जानकारी दी है कि भूस्खलन के कारण सुरक्षा की दृष्टि से यात्री ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया है. उन्होंने बताया कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है इसलिए यह फैसला रेलवे ने लिया है. सांसद ने कहा कि कोरापुट और जयपुर के बीच स्थित मल्लीगुड़ा और जर्दी घाटी क्षेत्र में भारी मात्रा में भूस्खलन हुआ है. रेलवे ने पहले चरण में 48 घंटे के भीतर ट्रैक को दुरुस्त कर दिया था, लेकिन ट्रैक पर लगभग 25 हजार घन मीटर मिट्टी जमा हो गई थी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था.
इसे देखते हुए अस्थायी रूप से यात्री ट्रेनों का संचालन रोकने का निर्णय लिया गया. उन्होंने बताया कि जब यह घटना घटी, उस समय एक यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी और दूसरी ट्रेन आने वाली थी, जिसे समय रहते सुरक्षा कारणों से रोक लिया गया. फिलहाल मालगाड़ियों का संचालन जारी है क्योंकि उसमें यात्रियों की संख्या नहीं होने से जनहानि की संभावना कम होती है. सांसद कश्यप ने बताया कि उन्होंने डीआरएम (रेल मंडल प्रबंधक) से चर्चा की है और उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, जल्द ही सभी यात्री ट्रेनों का संचालन पुन: शुरू कर दिया जाएगा.





