ट्रैफिक मैन को राष्ट्रपति पदक के साथ-साथ प्रमोशन का मिलेगा तोहफा

रायपुर। ट्रैफिक नियमों की जागरूकता के लिए जीवन समर्पित करने वाले कोरिया जिले के ‘ट्रैफिक मैन’ महेश मिश्रा को इस स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। 15 अगस्त को रायपुर में होने वाले राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगे। इसके साथ ही महेश मिश्रा को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन भी मिलेगा।
महेश मिश्रा नगर सेना में नायक के पद पर कार्यरत हैं और पिछले करीब 18 वर्षों से ट्रैफिक जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने अब तक 500 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं, जिनमें 4 लाख से ज्यादा लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई है।
स्कूलों और कॉलेजों में अपने निजी खर्च पर चलाए गए कार्यक्रमों में उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट पहनने और यातायात नियमों का महत्व समझाया है। इसके अलावा जरूरतमंद वाहन चालकों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए हैं और सड़कों के गड्ढों को भरवाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।





