छत्तीसगढ़

एसआईआर अंतर्गत गणना पत्रक वितरण कार्य की पूर्णता की ओर

Shantanu Roy
13 Nov 2025 10:27 PM IST
एसआईआर अंतर्गत गणना पत्रक वितरण कार्य की पूर्णता की ओर
x
छग
Raigarh. रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का शुभारंभ 4 नवम्बर से किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्य जिले भर में सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि इस एसआईआर कार्य के अंतर्गत गणना पत्रक वितरण की प्रक्रिया पूर्णता की ओर अग्रसर है। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक प्रदान कर उसकी प्रविष्टियों की पूर्ण जाँच करेंगे। गणना पत्रक में किए गए प्रविष्टियों की पुष्टि के बाद एक प्रति रंगीन फोटो सहित लौटाई जाएगी, जबकि दूसरी प्रति में बीएलओ द्वारा मतदाता को पावती दी जाएगी।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्वाचक नामावली में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सटीक और पारदर्शी तरीके से दर्ज हो। इसी के मद्देनजर आज तहसील तमनार, रायगढ़ और नगर निगम रायगढ़ के बीएलओ तथा बीएलओ सुपरवाईजर को ऑफलाइन और ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, लैलूंगा भरत कौषिक ने बीएलओ एप का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बीएलओ को गणना पत्रक वितरण, डेटा एकीकरण और मतदाता पावती प्रक्रिया के सही तरीके से परिचित कराना था। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में बीएलओ को निर्देश दिए कि वे सतर्कता, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करें ताकि सभी पात्र मतदाता की जानकारी समय पर और सही तरीके से नामावली में शामिल हो सके।
इस विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना पत्रक वितरण और डेटा एकीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतदाता सूची में शामिल नामों की पुष्टि सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम से बीएलओ की क्षमता में वृद्धि होगी और मतदाता सूची का अद्यतन कार्य सुचारू और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगा। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने सभी अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे मतदाता सूची में त्रुटियों को सुधारने, नए मतदाताओं का नाम दर्ज करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने में पूरी सावधानी बरतें। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहे और आगामी चुनावों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो। अधिकारियों का कहना है कि बीएलओ को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल एप्लिकेशन और डेटा एकीकरण तकनीकों की जानकारी भी दी गई है, ताकि काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
Next Story