
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने रविवार को बिलासपुर के परसदा में 'अरण्य यूथ पार्लियामेंट' के समापन कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब राजनीति केवल सत्ता पाने का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मंच बन चुकी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल देखने वाले नहीं, बल्कि व्यवस्था का हिस्सा बनें और बदलाव के वाहक बनें। तोखन साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आए। उन्होंने गांव से पंच के रूप में शुरुआत की, फिर सरपंच, जनपद अध्यक्ष, सांसद बने और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान देकर सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की ताकत और ईमानदारी की जीत बताया।
संसद भवन के अपने पहले अनुभव को याद करते हुए साहू ने कहा कि जब वे पहली बार संसद में गए, तो उन्होंने उसे प्रणाम कर भीतर प्रवेश किया, क्योंकि वह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त 2023 के भाषण की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर अच्छे लोग राजनीति में नहीं आएंगे, तो देश की राजनीति कैसे सुधरेगी?
साहू ने कहा कि देश को अब नए भारत के निर्माण के लिए युवाओं की जरूरत है।अपने वक्तव्य में उन्होंने बीते 11 वर्षों की मोदी सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और बताया कि हर योजना गरीब, महिला, किसान और युवा को केंद्र में रखकर बनाई गई है। उन्होंने युवाओं को विश्वास दिलाया कि ईमानदारी और परिश्रम से राजनीति में भी आगे बढ़ा जा सकता है।





