
बिलासपुर। बिलासपुर में कोर्ट की अनुमति के बगैर एक पुलिसकर्मी ने जमीन विवाद पर हस्तक्षेप किया और जमीन का कब्जा दिलाया। मामला सामने आने के बाद SSP रजनेश सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय को लाइन अटैच कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र में रहने वाले 2 भाइयों के बीच जमीन विवाद चल रहा था। एक पक्ष जमीन पर कब्जा जमाने के लिए बाउंड्रीवाल बना रहा है। जबकि, दूसरा पक्ष उसका विरोध कर रहा है। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जिस पर एक पक्ष अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंच गया।
जिस पर टीआई निलेश पांडेय ने विवाद का निराकरण करने के लिए मौके पर पेट्रोलिंग टीम को भेजा। यहां पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक पक्ष ने विवादित जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा कर लिया। तो दूसरे पक्ष ने SSP से शिकायत कर दी। इधर, दूसरे पक्ष ने सरकंडा टीआई निलेश पांडेय पर पक्षपात करने और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उसने इस मामले की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की।
दूसरे पक्ष ने बताया कि न तो बाउंड्रीवाल बनाने के लिए कोर्ट ने आदेश दिया है और न ही पुलिस को सुरक्षा और संरक्षण देने के लिए कहा है। इसके बाद भी टीआई निलेश पांडेय ने एक पक्ष को लाभ पहुंचाने के लिए बल भेज दिया। इस मामले की शिकायत को एसएसपी रजनेश सिंह ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बिना जानकारी दिए बाउंड्रीवाल बनाने वाले संरक्षण देने पर टीआई को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही इंस्पेक्टर निलेश पांडेय को लाइन अटैच कर दिया है।





