आरक्षक की मौत मामले में टीआई फाइल समेत तलब, 7 महीने बाद फिर जांच शुरू

बालोद। जिले में सात महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आरक्षक लिकेश पटेल की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। घटना के लंबे समय बाद भी मौत के कारणों का खुलासा नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बालोद से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार के पास एक खेत में आरक्षक लिकेश पटेल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस समय वे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पदस्थ थे। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की थी, लेकिन सात महीने बीत जाने के बावजूद मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका।
अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी स्मरण पत्र में थाना प्रभारी बालोद से मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी जानकारी मांगी गई थी, लेकिन आवश्यक प्रतिवेदन अब तक प्राप्त नहीं हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को अग्रेषित किया जाएगा। मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





