टीआई ने एसपी को किया गुमराह, कांग्रेस नेता को बचाने के चक्कर में मिली जमकर फटकार

बिलासपुर। कोटा थाने में गाली-गलौज और हंगामा करने वाले कांग्रेस नेता समेत 6 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। इससे पहले स्थानीय पुलिस अफसरों ने तलवार से हमला करने और बवाल मचाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की थी। साथ ही एसएसपी रजनेश सिंह को गुमराह करने की कोशिश करते रहे। लेकिन थाने में हंगामे और गाली-गलौज करने का वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
दरअसल, कोटा के चंडी माता चौक के पास रहने वाले कांग्रेस नेता और क्रशर संचालक संतोष मिश्रा और ठेकेदार राम सोनी के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान संतोष मिश्रा ने राम सोनी के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारने लगा। इससे नाराज राम सोनी ने उसे जमीन पर पटक दिया और मारने लगा। राम के परिजनों ने विवाद शांत कराया, जिसके बाद संतोष मिश्रा वहां से चला गया। कुछ देर बात वो तलवार लेकर आया और राम सोनी पर हमला कर दिया। इस विवाद के बाद कांग्रेस नेता संतोष के साथ ही ठेकेदार राम सोनी के पक्ष में लोगों की भीड़ पहुंच गई। इसके चलते थाने में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि दोनों पक्ष एफआईआर दर्ज करने के लिए दबाव बना रहे थे।
इसी दौरान संतोष मिश्रा और राम सोनी थाने के विवाद करने लगे। दोनों एक-दूसरे को गाली देते रहे। थाने में हंगामा मचाते रहे। बताया जा रहा है कि इतना सब कुछ होने के बाद स्थानीय पुलिस अफसरों ने कार्रवाई नहीं की। बल्कि, दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश करते रहे। थाने में गाली-गलौज और हंगामा मचाने का वीडियो एसएसपी रजनेश सिंह को मिला, जिसे देखकर उन्होंने टीआई नरेश चौहान को कड़ी फटकार लगाई। नाराज एसएसपी ने थाने का माहौल खराब करने और पुलिस के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने केस दर्ज किया है। वीडियो में दिख रहे 6 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।





