छत्तीसगढ़

पिकनिक मनाने गए तीन दोस्त हसदेव नदी में डूबे, मौत

Shantanu Roy
11 Sept 2026 4:53 PM IST
पिकनिक मनाने गए तीन दोस्त हसदेव नदी में डूबे, मौत
x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने के लिए देवरी चिचोली पहुंचे तीन युवकों की हसदेव नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नदी में तैरने के लिए उतरे थे। इसी दौरान नदी के बीच बने भंवर में फंस गए और गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर सेना की बचाव टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। घटना पंतोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम देवरी चिचोली की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को वे पिकनिक मनाने के लिए देवरी पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान युवक हसदेव नदी की तरफ गए और नहाने तथा तैरने के लिए पानी में उतर गए।

बताया जा रहा है कि नदी में तैरते हुए युवक कुछ दूरी तक चले गए थे। इसी दौरान वे नदी के बीच बने भंवर की चपेट में आ गए। पानी का बहाव और भंवर तेज होने के कारण युवक खुद को संभाल नहीं सके। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी देवरी के कोटवार को मिली। इसके बाद कोटवार ने तत्काल पंतोरा पुलिस को हादसे की सूचना दी। तीन युवकों के नदी में डूबने की खबर मिलते ही संबंधित टीमों को इसकी जानकारी दी गई और नगर सेना की बचाव टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

हादसे की खबर फैलते ही देवरी चिचोली और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों के एक साथ नदी में डूबने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवकों के परिजनों तक भी घटना की जानकारी पहुंचाई जा रही है। हसदेव नदी में कई स्थानों पर पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण खतरा बना रहता है। नदी के भीतर बनने वाले भंवर का अंदाजा बाहर से लगाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में तैराकी के दौरान थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रारंभिक जानकारी में युवकों के भंवर में फंसने की बात सामने आई है।
Next Story