
गरियाबंद। पुश्तैनी जमीन का हक मांगने परिवार सहित मुरहा नागेश कड़कती ठंड में जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में बीती रात से भूख हड़ताल पर बैठ गया है. इधर मुरहा की जमीन ढूंढने कलेक्टर ने एसडीएम-तहसीलदार समेत 10 लोगों की टीम गठित की है, जो गांव में बंदोबस्त सुधार में जुटी है.
दरअसल, अमलीपदर तहसील के खरीपथरा गांव निवासी मुरहा नागेश के नाम से खसरा क्रमांक 1/83 में दर्ज 2.680 हेक्टेयर रकबा पर मोती राम एवं अन्य लोगों ने कब्जा करने की कोशिश किया. अगस्त माह में मुरहा इसी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा दिलाने भूख हड़ताल पर बैठा था. तब तहसीलदार ने कब्जा दिलाया था. इस आदेश के बाद अनावेदकों ने एसडीएम से अपील की, जिसमें सुनवाई के बाद तहसीलदार के आदेश को खारिज करा दिया गया.
असमंजस में पड़े प्रशासन ने फिर दोबारा मुरहा को कब्जा दिलाया था, मुरहा फसल भी उगाया, लेकिन अनावेदकों ने इस बार भी मुरहा के फसल को चौपट कर दिया. परेशान मुरहा अब पुश्तैनी जमीन पर स्थाई कब्जा दिलाने फिर से भूख हड़ताल पर बैठ गया है.





